बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने सोने की तस्करी मामले में मुख्य आरोपी कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की न्यायिक हिरासत 21 अप्रैल तक बढ़ा दी है। इससे पहले, अदालत ने दूसरे आरोपी तरुन राजू और तीसरे आरोपी ज्वेलर साहिल सकरिया जैन की हिरासत भी इसी तारीख तक बढ़ाई। सभी आरोपी वर्तमान में बेंगलुरु सेंट्रल जेल में बंद हैं। अदालत ने तरुन राजू की जमानत याचिका खारिज कर दी और साहिल जैन की जमानत याचिका सुनवाई 9 अप्रैल को होगी।
रान्या राव, जो पुलिस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, को 3 मार्च को 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिसकी कीमत 12.56 करोड़ रुपये से अधिक है। मामले की जांच राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और अन्य एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
जांच में पता चला है कि रान्या राव ने जैन के साथ मिलकर हवाला लेनदेन किया है। DRI की रिपोर्ट के अनुसार, रान्या ने जैन की मदद से 49.6 किलोग्राम सोने की तस्करी की और 38.4 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई भेजे।