नई दिल्ली में केंद्र सरकार ने डिजिटल सुविधा और गोपनीयता के दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक नया आधार ऐप लॉन्च किया है।

यह ऐप उपयोगकर्ताओं को अपने आधार को डिजिटल तरीके से सत्यापित और साझा करने की सुविधा प्रदान करता है, जिससे भौतिक कार्ड या फोटो कॉपियां ले जाने की आवश्यकता पूरी तरह से समाप्त हो जाती है। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया यह ऐप, आधार सत्यापन को आसान, तेज और अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इसमें एक नई सुविधा फेस आईडी ऑथेंटिकेशन की है, जो सुरक्षा को और मजबूत बनाती है। अब लोग QR कोड को स्कैन करके आधार सत्यापन कर सकते हैं, ठीक उसी तरह जैसे हम UPI भुगतान करते हैं। मंत्री ने कहा कि इस ऐप से उपयोगकर्ताओं को केवल ज़रूरत के अनुसार डेटा साझा करने का अधिकार मिलता है, और यह सभी जानकारी उपयोगकर्ता की सहमति से ही साझा की जाती है।
इसके द्वारा यात्रा, होटलों, दुकानों में आधार कार्ड की प्रिंटेड कॉपियों को देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस ऐप का बीटा परीक्षण वर्तमान में जारी है और इसे मजबूत गोपनीयता सुरक्षा के साथ विकसित किया गया है।